_1.jpg)
जंघई।सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार से मिशन शक्ति 5.0 का वर्चुवल शुभारंभ किया। इस बार मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए समर्पित है। साथ ही सीएम योगी ने 1,647 थानों में नए मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित SOP पुस्तिका का विमोचन किया। सीएम योगी ने मिशन शक्ति 5.0 के शुभारंभ के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि 2020 में मिशन शक्ति के कार्यक्रम को प्रारंभ किया था ये अभियान नारी सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन के लिए शुरू हुआ था आज मिशन शक्ति के परिणाम हमारे सामने हैं। सीएम योगी ने दिशा पाटनी के घर पर शूटिंग करने वालों के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि आपने कल देखा होगा महिला संबंधी अपराध में संलिप्त एक अपराधी बाहर से आया था। वह संभवतः मारीच की तरह घुसा था, लेकिन जब यहां की पुलिस की गोली ने उसके शरीर को छलनी किया तो वह चिल्ला रहा था कि सर मैं गलती से उत्तर प्रदेश की सीमा में आ गया हूं, आगे से यह दुस्साहस नहीं करूंगा। यह हर उस अपराधी को करना पड़ेगा जो महिला सुरक्षा में सेंध लगाएगा। उन्होंने कहा कि अब अपराधी और माफिया भी समाज में अपनी गलतियों के लिए माफी मांग रहे हैं। मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं के संरक्षण और न्याय सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे, जिससे महिलाओं को हर स्तर पर सुरक्षा और सशक्तिकरण मिलेगा। महिलाएं-बेटियां पहले अपने आप को सुरक्षित नहीं समझती थीं, लेकिन आज का दिन है कि वो बिना डरे आगे बढ़ रही हैं। हम बेटियों को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। हम बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई तक की व्यवस्था भी कर रहे हैं। बेटी के जन्म पर 5000 की राशि उसके अभिभावक को दी जाती है। बेटी एक वर्ष की होने पर 2000 रुपये दिए जाते हैं। बेटी की शादी के लिए भी सरकार अनुदान दे रही। उन्होंने सभी विभागों को महिलाओं को योजनाओं की जानकारी देने और जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इसी क्रम में थाना सरायममरेज में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया जिसका शुभारंभ योगी आदित्यनाथ के लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से थाना के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं को दिखाया गया।इस अवसर पर थानाध्यक्ष सरायममरेज सुनील कुमार मिश्रा, मिशन शक्ति केंद्र के प्रभारी बलवंत सिंह, महिला प्रभारी आराधाना सिंह, केंद्र के अन्य सदस्य उप निरीक्षक प्रिया त्रिपाठी, उप निरीक्षक यशवंत कुमार, कांस्टेबल रामश्रय यादव भी मौजूद रहे।