जंघई।वर्षों से मरम्मत न होने के कारण बारिश में क्षेत्र के तमाम गढ्ढा युक्त सड़कें ताल तलैया में परिवर्तित हो गई हैं जिसके कारण आवागमन बाधित हो रहा है लोग गिरकर, फिसलकर चुटहिल हो रहे हैं। नागरिक पीजी कॉलेज जंघई गेट से भोगीपुर, सेमरी, बिरगहीपुरा, पतैयां, असवां, गोपालापुर, गरियांव बाजार तक जाने वाली सड़क पूर्णतः गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। बारिश में सड़क पर जलभराव होने के कारण लोग गड्ढों में गिरकर चुटहिल होकर भीग जा रहे हैं वाहन फंस जा रहे हैं। ग्रामीणों एवं आवागमन करने वाले राहगीरों ने कई बार क्षेत्रीय विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को सड़क की मरम्मत हेतु प्रार्थना पत्र दिया लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है जिसके कारण प्रत्येक वर्ष बारिश में इस सड़क पर राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रतिदिन साइकिल एवं बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं चार पहिया वाहन गढ्ढों में फंसकर खड़ी हो जाती है लेकिन जनप्रतिनिधियों या प्रशासन के अधिकारियों का ध्यान सड़क के गड्ढों पर नहीं जा रहा है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस मार्ग पर नागरिक पीजी कॉलेज एवं आधा दर्जन इंटर कॉलेज, तमाम प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल हैं। शिक्षकों, अभिवावकों एवं छात्र, छात्राओं, किसानों को आने जाने में दिक्कतें आती है लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है।